ज्यौड़ियां। खौड़ में सोमवार को डोगरा सदर सभा की तरफ से बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता सभा के प्रधान सुखदेव सिंह भाऊ ने की। इसमें क्षेत्र के ढाई सौ के करीब लोगों ने भाग लिया। उन्होंने क्षेत्र की कई समास्याओं पर चर्चा की। इसमें ज्यौड़ियां से पलांवाला तक की जर्जर मुख्य सड़क का चौड़ीकरण, परगवाल तथा ज्यौड़ियां के बीच चिनाब दरिया पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य में तेजी, गांव चक मलाल में स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर डॉक्टर की तैनाती, एलओसी से पांच किलोमीटर के अधीन के सभी गांवों के लोगों के लिये एएलसी का आरक्षण बढ़ाने की मांग की गई।
सुखदेव सिंह ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि इन सभी समस्याओं को प्रशासन के ध्यान में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज्यौड़ियां से पलांवाला तक की जर्जर हालत सड़क पर आए दिन छोटे-मोटे हादसे हो रहे हैं। हमें लग रहा है कि ग्रेफ विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है और सीमावर्ती गांवों के किसानों की खेतीबाड़ी योग्य भूमि पिछले लगभग 25 वर्षों से सेना के अधीन है। सेना ने कारगिल युद्ध के दौरान अपना डिफेन्स मजबूत करने के लिये प्रशासन के सहयोग से जमीन ली थी आज तक न ही उन किसानों की जमीन मिली है और न ही कोई मुआवजा मिला है। इस मौके पर डॉक्टर बीडी शर्मा, रिटायर्ड सुबेदार जगदेव सिंह, एडवोकेट यश करण सिंह भाऊ आदि उपस्थित रहे। संवाद