परगवाल। नायब तहसीलदार पदों पर भर्ती में उर्दू भाषा को अनिवार्य करने के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सोमवार को परगवाल के मुख्य चौक में प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का पुतला जलाकर नारेबाजी की।
इस दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री सुरिंद्र चौधरी तथा कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की और उर्दू भाषा की अनिवार्यता वाले आदेश को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व भाजयुमो की अखनूर इकाई के महामंत्री पवन सिंह मन्हास और युवा मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह (काली) ने किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हम जम्मू के युवाओं के साथ यह धोखा नहीं होने देंगे। युवा काफी अर्से से इस भर्ती की उम्मीद लगाए बैठे थे। इसके लिए उन्होंने तैयारी कर रखी थी, लेकिन अंतिम समय में नेकां सरकार ने साजिश के तहत जम्मू के युवाओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करते हुए उर्दू भाषा को अनिवार्य कर दिया। भर्ती प्रक्रिया में वही भाषा लागू हो जो युवाओं को पढ़ाई जा रही है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार को उर्दू भाषा वाले आदेश को वापस लेना ही पड़ेगा। इस मौके पर उत्तम सिंह, रजत शर्मा, नितेश शर्मा, मोहित गुप्ता, दिलबाग सिंह, अजय शर्मा, समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। संवाद