सांबा। जिले के सीमावर्ती कस्बा राजपुरा में कृषि विभाग की तरफ से किसानों के लिए उत्तम खेती एवं आधुनिक कृषि तकनीकों पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य किसानों को सब्जी उत्पादन की उन्नत विधियों से अवगत कराना तथा उनकी आय बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किसानों को विभिन्न सब्जियों की उन्नत किस्मों, पौधरोपण की सही विधि, फसलों की देखभाल तथा समय-समय पर किए जाने वाले दवा के छिड़काव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। किसानों को यह भी बताया गया कि यदि फसल में किसी प्रकार का रोग या कीट का प्रकोप दिखाई दे तो उसकी पहचान कैसे करें और उचित दवा का प्रयोग किस प्रकार करें।
शिविर के दौरान विभागीय कर्मचारियों ने खेतों में जाकर किसानों को पौधे लगाने की वैज्ञानिक विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। इससे किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों को समझने में आसानी हुई। इस अवसर पर कुलवीर सिंह, मनी राम सहित कृषि विभाग के अन्य कर्मचारी एवं क्षेत्र के किसान बहादुर सिंह, कुलदीप, विनय कुमार, राज कुमार आदि भी उपस्थित रहे।