सांबा। मंगलवार रात से बुधवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के चलते जिले के नदी-नाले उफान पर रहे। इससे कई क्षेत्रों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। धार्मिक स्थल गौरन में भी नाले का पानी दुकानों के अंदर घुस गया। इससे दुकानदारों को काफी आर्थिक नुकसान हुआ।
स्थानीय महंत देस राज गिरी ने बताया कि देवस्थान की ओर जाने वाले नाले पर लंबे समय से पुल निर्माण की मांग की जा रही है लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि हर बार बारिश के दौरान नाले का पानी दुकानों में घुस जाता है, जिससे व्यापार प्रभावित होता है और नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नाले में पानी बढ़ने पर लोगों को घंटों पानी कम होने का इंतजार करना पड़ता है, जिससे आवाजाही बाधित रहती है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस नाले पर शीघ्र पुलिया का निर्माण कराया जाए ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम हो सके।