डीआईजी श्रीधर पाटिल ने अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण करने के लिए डीआईजी श्रीधर पाटिल ने अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सांबा जिला अंतरराष्ट्रीय सीमा, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे मार्ग के नज़दीक होने के कारण यात्रा के दृष्टिकोण से बेहद संवेदनशील क्षेत्र है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं, इसलिए सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग, लंगर स्थलों, श्रद्धालुओं के ठहरने के स्थानों और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त मैनपावर तैनात की जाएगी और आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। ड्रोन निगरानी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सर्विलांस और रैपिड रिस्पॉन्स टीमों की मदद से सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ एक विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार की गई है जिसकी समय-समय पर समीक्षा भी की जाएगी।
अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी सुरक्षाबलों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष की श्री अमरनाथ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सफल बनाया जाएगा। इस अवसर पर एसएसपी सांबा अनुज कुमार व अन्य अधिकारी भी उनके साथ थे।