सांबा। पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट को सफलतापूर्वक तामील किया है। आरोपी पिछले चार माह से पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था और उसके खिलाफ दो अन्य गैर-जमानती वारंट भी लंबित थे।
विज्ञापन
जिला पुलिस एसएसपी कार्यालय के अनुसार पुलिस थाना बाड़ी ब्राह्मणा की टीम ने कार्रवाई करते हुए गोपाल उर्फ गोंडी निवासी वार्ड नंबर-7, तेली बस्ती, बाड़ी ब्राह्मणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ साल 2025 में पुलिस थाना बाड़ी ब्राह्मणा में एफआईआर दर्ज है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार था। इसके चलते न्यायालय सांबा ने बीएनएसएस की धारा के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय सांबा में पेश किया गया जहां से उसे जिला जेल कठुआ भेजने के आदेश दिए गए। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही न्यायालय की ओर से जारी वारंट की तामील भी पूरी हो गई। एसएसपी ने कहा कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद