महाराजा गुलाब सिंह प्रथम स्मृति वॉलीबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन हुए रोमांचक मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। अमर क्षत्रिय राजपूत सभा सांबा ने जिला प्रशासन सांबा के सहयोग से आयोजित महाराजा गुलाब सिंह प्रथम स्मृति वाली बॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। कार्यक्रम की शुरुआत अमर क्षत्रिय राजपूत सभा सांबा के अध्यक्ष अमरदीप सिंह ने खिलाड़ियों और दर्शकों को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए नशा विरोधी शपथ दिलाकर की गई। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनाने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
सभा के जिला उपाध्यक्ष बलविंदर सिंह सुंब ब्लॉक ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का परिचय कराया। दिन का रोमांचक मैच बुधवानी वाॅलीबाॅल क्लब और जेबीएसवाल बॉल क्लब के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में बुधवानी वाॅलीबॉल क्लब ने कड़े संघर्ष के बाद 2-1 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।मैच के संचालन में युवा सेवा एवं खेल विभाग के अधिकारियों संजीव सिंह (कन्वीनर), सुमंत सिंह, भुपिंदर सिंह, संदीप सिंह, राज कुमार, सुकर्शन सिंह, दीपक सिंह और रिक्की ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना तथा क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह बना हुआ है।