सांबा। जिले के मानसर में मछलीयों को आटा खिलाते महिलांए
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
श्रद्धालुओं ने धार्मिक स्थलों पर बने सरोवरों और पवित्र जलस्रोतों में स्नान कर पूजा-अर्चना की
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। पुरुषोत्तम मास के अंतिम रविवार के अवसर पर जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने धार्मिक स्थलों पर बने सरोवरों और पवित्र जल स्रोतों में स्नान कर पूजा-अर्चना की। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल मानसर में पुरुषोत्तम मास के अंतिम रविवार को श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु परिवारों सहित मानसर पहुंचे और नाग देवता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान हीरानगर के श्रद्धालु राज कुमार और दीपक ने कहा कि उन्होंने परिवार के साथ पवित्र मानसर झील में मछलियों को आटा दान किया और झील की परिक्रमा कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। वहीं दूर-दराज क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने झील के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद भी लिया।
स्थानीय दुकानदार मनोज और कृष्ण का कहना है कि यदि इसी प्रकार श्रद्धालु और पर्यटक मानसर आते रहे तो क्षेत्र का कारोबार बेहतर होगा और स्थानीय लोगों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा। प्रशासन की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। पुरुषोत्तम मास के अंतिम रविवार के अवसर पर मानसर में दिनभर धार्मिक गतिविधियां और पर्यटन संबंधी चहल-पहल बनी रही।
उधर, जिले के राजपुरा क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तरेली में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने यहां स्थित प्राकृतिक (कुदरती) चश्मे के पवित्र जल में स्नान किया। पूरे दिन धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों में भी भाग लिया। श्रद्धालुओं का मानना है कि पुरुषोत्तम मास में पवित्र सरोवरों और जल स्रोतों में स्नान कर भगवान की आराधना करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।