सांबा। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी संदर्भ में उपायुक्त सांबा आयुषी सूदन ने एक बैठक आयोजित कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह गांव-गांव और कस्बों में जाकर लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के लाभों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने घरों में सोलर सिस्टम लगाने के लिए प्रेरित किया जाए ताकि बिजली की खपत कम हो सके और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी, आवेदन प्रक्रिया और सोलर सिस्टम से होने वाले आर्थिक लाभों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए। उपायुक्त ने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की जरूरत है और इसके उपयोग से न केवल बिजली बिल में कमी आएगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
प्रशासन ने अधिकारियों से कहा कि वे पंचायत स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें ताकि अधिक से अधिक लोग प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठा सकें।