सांबा। नेशनल बुक ट्रस्ट इंडिया की तरफ से मंगलवार को मोबाइल पुस्तक प्रदर्शनी को उपायुक्त कार्यालय सांबा से रवाना किया गया। इसे जम्मू, पंजाब, हरियाणा पुस्तक परिक्रमा 2026 के तहत बुक्स ऑन व्हील्स योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। मोबाइल पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन उपायुक्त सांबा आयुषी सूदन तथा मुख्य शिक्षा अधिकारी सांबा यशपाल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
उपायुक्त ने मोबाइल प्रदर्शनी बस में प्रदर्शित पुस्तकों के समृद्ध संग्रह की सराहना की। इसके साथ ही पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने तथा जिले में सशक्त पठन संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से स्वयं पुस्तकें भी खरीदीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं आगंतुकों से बातचीत करते हुए ट्रस्ट की इस पहल की प्रशंसा की। इसके माध्यम से गुणवत्तापूर्ण पुस्तकें पाठकों तक उनके द्वार पर पहुंचाई जा रही हैं।
प्रदर्शनी में भारतीय इतिहास, भूगोल, जीवनी एवं आत्मकथाएं, स्वास्थ्य एवं वेलनेस, योग, मानसिक स्वास्थ्य, विज्ञान, पर्यावरण, संस्कृति, कला, साहित्य, व्यक्तित्व विकास, प्रेरणादायक लेखन तथा बच्चों एवं युवाओं के लिए पुस्तकों सहित विभिन्न विषयों पर किफायती दरों में पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं।
आयुषी सूदन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और पुस्तक प्रेमियों से मोबाइल प्रदर्शनी बस का दौरा करने और अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकें पढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुस्तकें ज्ञान, विरासत, संस्कृति और समाज की सामूहिक बुद्धिमत्ता को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा पाठकों को प्राचीन भारत से आधुनिक विश्व तक जोड़ती हैं।
ट्रस्ट की तरफ से राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय पहल भी शुरू की गई है। इसके माध्यम से नागरिक एक निःशुल्क मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए विभिन्न विषयों पर 7,000 से अधिक पुस्तकों तक पहुंच प्राप्त कर सकते हैं।
मोबाइल पुस्तक प्रदर्शनी बस 26 जून तक जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों का दौरा करेगी। इस दौरान यह सांबा, जम्मू, राजोरी, पुंछ, रियासी, रामबन, किश्तवाड़, डोडा, उधमपुर और कठुआ जिलों में जाएगी। इसके बाद जम्मू, पंजाब, हरियाणा पुस्तक परिक्रमा 2026 के तहत पंजाब की ओर रवाना होगी।
यह पुस्तक परिक्रमा स्कूलों, कॉलेजों, पुस्तकालयों, विश्वविद्यालयों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर गुणवत्तापूर्ण पुस्तकें सीधे पाठकों तक पहुंचाने के साथ युवाओं को आजीवन सीखने, रचनात्मकता और ज्ञान साझा करने के लिए प्रेरित करेगी।