सांबा। जिला प्रशासन की तरफ से शुक्रवार को मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर में ब्लैक आउट भी किया गया। निर्धारित समय के अनुसार रात करीब 8:30 बजे से 8:35 बजे तक पांच मिनट के लिए पूरे शहर की लाइटें बंद रखी गईं। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर के अधिकांश हिस्सों में अंधकार छाया रहा।
मॉक ड्रिल से पहले सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया गया। इसके बाद नागरिकों ने तुरंत अपनी दुकानों, घरों और अन्य स्थानों की लाइटें बंद कर दीं। केवल सड़क पर चल रहे वाहनों की लाइटें ही दिखाई दे रही थीं।
ड्रिल समाप्त होते ही 8:35 बजे के बाद धीरे-धीरे पूरे शहर में फिर से रोशनी लौट आई और जनजीवन सामान्य हो गया। इस दौरान लोगों ने प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया और अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग दिया।
अधिकारियों के अनुसार प्रशासन का उद्देश्य इस प्रकार की ड्रिल के माध्यम से किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। वहीं सिविल डिफेंस के सदस्यों ने घायलों को अस्पताल ले जाने का अभ्यास किया।