सांबा। पुलिस थाना सांबा में वीरवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया। इसमें अधिवक्ताओं, एनजीओ प्रतिनिधियों, सिविल सोसाइटी सदस्यों, व्यापार मंडल, बकरवाल समुदाय के प्रतिनिधियों सहित स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच रविंद्र सिंह ने कस्बे में पुलिस थाना वापस शिफ्ट करने की मांग उठाई। सिविल सोसायटी के अमरदीप सिंह ने कस्बे व मंडियों में पुलिस गश्त की मांग रखी। व्यापार मंडल के प्रधान तेजेंदर सिंह ने कस्बे के बाजारों में बडे़ वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग उठाई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांबा गारू राम ने लोगों से अपील की कि वे सांबा पुलिस के नशा मुक्त अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करें ताकि समाज को नशे की बुराई से मुक्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम और युवा सहभागिता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
सांबा पुलिस ने नागरिकों को सुरक्षा बढ़ाने के लिए अपने घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी। साथ ही किरायेदारों और कर्मचारियों का सत्यापन नजदीकी पुलिस थानों के माध्यम से करवाने का आग्रह भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों की समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना। आश्वासन दिया कि उनकी जायज शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस मौके पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ लड़ाई में सहयोग देने और सुरक्षित व स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में डीएसपी डीएआर सांबा, एसएचओ पुलिस स्टेशन सांबा, प्रभारी पुलिस पोस्ट रख अंब टाली, प्रभारी पुलिस पोस्ट सिडको सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।