सांबा, विजयपुर। जिले में बैसाखी का त्योहार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देविका नदी और बसंतर नदी के संगम के पास स्थित प्राचीन हरि मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने संगम में स्नान कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। वहीं जिले के मदून गांव के धार्मिक स्थल तरेली में भी लोगों की भीड़ बनी रही। बबर नदी में स्नान कर पूजा अर्चना की।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मंदिर करीब 200 वर्ष पुराना है। इसे डोगरा शासक महाराज रणवीर सिंह ने बनवाया था। ऐतिहासिक महत्व के कारण यह स्थल धार्मिक आस्था का केंद्र बना हुआ है। बैसाखी के दिन यहां दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचते हैं और परंपरागत ढंग से पूजा करते हैं। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया।