सांबा। जिले के गांव दड़ुइ के पंचायत भवन में शौर्य चक्र विजेता हवलदार राकेश कुमार की स्मृति में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों व गणमान्य लोगों ने भाग लेकर शहीद को नमन किया।
इस अवसर पर प्रथम पैरा स्पेशल फोर्सेज के लेफ्टिनेंट विनय पांडे, पलटन के जवानों, बलिदानी के परिजनों और गांव वासियों ने पुष्प अर्पित कर वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और लोगों ने शहीद के बलिदान को भावुक होकर याद किया।
समारोह में विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया ने भी पहुंचकर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके अलावा एसीआर अजय भारती, बलिदानी के पिता रत्न चंद, पत्नी रजनी देवी, बेटी दीक्षा भारती सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
बलिदान दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बलिदानी हवलदार राकेश कुमार के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। बलिदानी हवलदार राकेश शर्मा कुपवाड़ा में हुई आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में 21 मार्च 2009 को बलिदान हुए थे।