जिले में दो किलोमीटर के दायरे में रात के आवाजाही करने पर पहले से ही प्रतिबंध
सांबा-कठुआ बार्डर पर पुलिस जवान नाके लगाकर वाहनों की बारीकी से की जा रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा में जैश-ए-मोहम्मद के पांच संदिग्ध आतंकियों की घुसपैठ की आशंका के चलते सांबा जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षाबल सतर्क हो गए हैं। कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुराने सांबा-कठुआ बार्डर मार्ग पर वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है। 13 अगस्त 2025 को जारी आदेश के तहत सांबा जिले में सीमा के दो किलोमीटर के दायरे में रात 10 बजे से सुबह छह के बीच आवाजाही पर पहले से ही प्रतिबंध है। सूत्रों के अनुसार जैश के आतंकवादी गत कई दिनों से पाकिस्तान के मंसूर बड़ा भाई लांचिंग पैड पर बैठे हैं और मौका मिलते ही इनकी घुसपैठ करवाई जानी है। रक्षा सूत्रों को संदेह है कि पांच आतंकवादी घुसपैठ कर चुके हैं। ये सभी फिदायीन हैं। इसको लेकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है। घुसपैठ के पुराने मार्गों पर नाके लगाए गए हैं।
सांबा सेक्टर पहले से ही संवेदनशील रहा है। इस क्षेत्र से घुसपैठ के कई सफल प्रयास भी हो चुके हैं। पहले जीरो लाइन के निकट लगाई गई तारबंदी को काटकर घुसपैठ होती रही थी। बाद में सुरंग खोदकर घुसपैठ को अंजाम दिया गया था। भारत पाक सीमा पर अत्याधुनिक उपकरण के चलते सांबा सेक्टर से घुसपैठ पर अंकुश लगा है। अब वह हीरानगर क्षेत्र से घुसपैठ के प्रयास में हैं। सूत्रों अनुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के साथ सेना की भी हल चल बढ़ गई है।
बता दें कि गत दिनों जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी नलिनी प्रभात ने सांबा में जिला प्रशासन सांबा व कठुआ, पुलिस के सांबा, कठुआ के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने को कहा था।