सांबा। जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार को जिला स्तरीय प्रेरणा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य शिक्षा अधिकारी यशपाल शर्मा की ओर से किया गया। इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी संजय चौधरी, जोनल शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र बल्गोत्रा व विकास राणा सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला की कुल 22 उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों एवं 38 हाई स्कूलों ने सहभागिता की। विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रेरणा उत्सव से चयनित कुल 111 विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। इनमें जवाहर नवोदय विद्यालय सांबा के विद्यार्थी भी शामिल रहे। विद्यालय की प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी ने बताया कि इस वर्ष मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय सांबा के सहयोग से प्रेरणा उत्सव के लिए पंजीकरण प्रक्रिया अत्यंत सफल रही। उन्होंने बताया कि जिला सांबा ने जम्मू-कश्मीर राज्य में पंजीकरण के मामले में तृतीय सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है, जो जिले एवं शिक्षा विभाग के लिए गौरव का विषय है।
विद्यालय स्तर पर कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में जवाहर नवोदय विद्यालय, सांबा की रसायन विज्ञान शिक्षिका पूजा, हिंदी शिक्षिका गरिमा, गौरी शंकर एवं मितन बौर्नी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने भारत सरकार की ‘प्रेरणा उत्सव’ पहल के उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, नवाचार, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता के विकास के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
डॉ. डीएस सकलानी उप-प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय ने कहा कि प्रेरणा उत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का एक प्रभावशाली मंच है जो उनमें आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल एवं सकारात्मक सोच को विकसित करता है।
उन्होंने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक दायित्व की भावना से ओत-प्रोत करने के लिए प्रतिबद्ध है। संवाद