विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित क्षेत्रों में किया शानदार प्रदर्शन
सांबा। जम्मू कश्मीर में 2011 में स्थापित सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने टाइम्स हायर एजुकेशन दा वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार दा वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 के अनुसार सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू को ओवरऑल कैटेगरी में वैश्विक स्तर पर 1001-1200 बैंड में स्थान मिला है। विषयवार रैंकिंग में विश्वविद्यालय ने विशेष रूप से विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन किया है।
इंजीनियरिंग 801-1000 बैंड में रैंक
भौतिक विज्ञान 801-1000 बैंड में रैंक यह रैंकिंग विश्वविद्यालय की शोध गुणवत्ता, शिक्षण स्तर और अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण को दर्शाती हैं जिनके बल पर सीयू जम्मू ने दुनिया भर के हजारों संस्थानों के बीच पहचान बनाई है।राष्ट्रीय स्तर पर भी विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है। इंडियन इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क 2025 में सीयू जम्मू को केंद्रीय विश्वविद्यालयों में 28वां स्थान प्राप्त हुआ था। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजीव जैन ने कहा कि टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में विशेषकर इंजीनियरिंग और भौतिक विज्ञान विषयों में मिली यह पहचान हमारे शिक्षकों, शोधार्थियों, छात्रों और कर्मचारियों की निरंतर मेहनत का परिणाम है।