घगवाल। कस्बे के ट्रामा अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में सुविधाओं के अभाव से मरीज और तीमारदार परेशान हैं। हालांकि लोगों ने कहा कि सुविधाओं के अभाव में भी डॉक्टर ऑपरेशन कर रहे हैं।
स्थानीय राम पाल शर्मा ने कहा कि ट्रामा अस्पताल में सुविधाओं का अभाव है। सीमावर्ती क्षेत्रों के अधिकतर लोग इसी अस्पताल में उपचार के लिए आते हैं। ऑपरेशन थियेटर में कुछ सामान की कमी होने से ऑपरेशन के लिए परेशानी खड़ी हो जाती है। उन्होंने जम्मू कश्मीर सरकार से मांग की कि अस्पताल को सुविधाओं से लैस किया जाए, ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके।
ट्रामा अस्पताल के इंचार्ज डॉ. राजीव मैंगी के अनुसार अस्पताल में 350 से चार सौ तक ओपीडी रहती है। मरीजों को सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है। जुलाई महीने में ही 16 ऑपरेशन किए गए हैं, जिनमें 2 सजर्री, 12 हड्डी रोग के, 2 ईएनटी के ऑपरेशन किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की बीएमओ डॉ. ऋचा अरोड़ा ने बताया कि उनके ट्रामा अस्पताल में केवल माईक्रोस्कोप की जरूरत है। इसके लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया है।