सांबा। जिले के राजपुरा तहसील के अंतर्गत आते गांव चक दुल्मा में शुक्रवार सुबह स्कूल की बस पलट गई। हादसे के समय बस में छह छात्र सवार थे। गनीमत रही कि बस धीमी थी, जिससे नुकसान होने से बचाव हो गया। बस के सहचालक ने बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया। दो छात्रों को मामूली चोटें पहुंची हैं।
जानकारी के अनुसार कि शुक्रवार सुबह निजी स्कूल की बस चक दुल्मा से राजपुरा की ओर आ रही थी। बारिश कारण मार्ग पर फिसलन थी। बस चालक ने एक वाहन को साइड देने की कोशिश की तो पलट गई। बताया गया है कि बस में दूसरी व तीसरी कक्षा के बच्चे ही सवार थे। जैसे ही बस पलटने की सूचना अभिभावकों को मिली तो अफरा-तफरी मच गई। वह घटना स्थल पर पहुंचे व छात्रों को जांच के लिए घगवाल के ट्रामा अस्पताल ले जाया गया। वहां गहन जांच के बाद डॉक्टरों ने छात्रों को घर भेज दिया। दो छात्रों को मामूली चोटें पहुंची हैं। बाद में नायब तहसीलदार ने घटनास्थल पर पहुंच कर जायजा लिया।