संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। शहर में खेले गए छह ओवर के क्रिकेट मुकाबले में चैंपियन टीम ने रिवेंज वॉरियर्स को दो रन से हराकर जीत दर्ज की। मुकाबला आखिरी गेंद तक रोमांच से भरपूर रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चैंपियन टीम ने निर्धारित छह ओवर में दो विकेट खोकर 55 रन बनाए।
टीम की ओर से विराट सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 34 रन की शानदार पारी खेली। कुशल वर्मा ने 10 रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त के रूप में सात रन मिले। चैंपियन टीम ने पहले विकेट के लिए 31 गेंदों में 50 रन जोड़कर मजबूत शुरुआत की और विपक्षी टीम पर दबाव बना दिया।
56 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रिवेंज वॉरियर्स की शुरुआत खराब रही। सौरव तीन, दिनेश मेहरा सात और मानिक बलोरिया चार रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद हरजीत रसोतरा ने केवल चार गेंदों में तीन छक्कों की मदद से नाबाद 18 रन बनाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
रजत ने भी चार गेंदों में 10 रन बनाए। इसके बावजूद रिवेंज वॉरियर्स की टीम छह ओवर में चार विकेट पर 53 रन ही बना सकी। चैंपियन टीम की ओर से संयम सिंह, आदित्य और कुशल वर्मा ने महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।