सांबा। लंबे समय से बदहाल पड़ी सांबा-मानसर सड़क पर आखिरकार तारकोल डालने का कार्य शुरू हो गया है। सड़क की मरम्मत शुरू होने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। पिछले वर्ष हुई भारी बारिश के चलते सड़क कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय निवासी बलजीत सिंह, शालू कुमार और तरसेम लाल ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए थे। कई हिस्सों में तारकोल उखड़ चुका था। इससे दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती थी। बारिश के दिनों में सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते थे और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। उन्होंने बताया कि खराब सड़क के कारण रोजाना जाम जैसी स्थिति भी उत्पन्न होती थी तथा वाहन चालकों को अपने वाहनों की मरम्मत पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा था।
जानकारी के अनुसार पहले इस सड़क की देखरेख का जिम्मा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पास था, लेकिन अब इसे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को सौंप दिया गया है। यह सड़क मानसर जाने वाले पर्यटकों और कश्मीर की ओर जाने वाले ट्रक चालकों के लिए भी महत्वपूर्ण मार्ग है। बीआरओ द्वारा ब्लैकटॉप का कार्य शुरू किए जाने से लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।