सांबा। शहर के सिडको औद्योगिक क्षेत्र में होटल रेक्स के पास शनिवार देर रात हरियाणा नंबर की एक तेज रफ्तार एक्सयूवी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद वाहन में सवार दो युवक मौके से फरार हो गए। लोगों के अनुसार वह हड़बड़ी में थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रात करीब तीन बजे हुआ। सड़क किनारे अपने ट्रक खड़े कर आराम कर रहे चालकों ने जोरदार टक्कर की आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि एक्सयूवी गाडी पेड़ से टकराई हुई थी और उसमें दो युवक सवार थे। आसपास मौजूद लोगों और ट्रक चालकों ने दोनों युवकों को वाहन से बाहर निकाला। इनमें एक युवक सुरक्षित था, जबकि दूसरे को मामूली चोटें आई थीं।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक पास स्थित मंदिर में पानी पीने के बहाने गए और वहां से अचानक फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार दोनों युवक काफी घबराए हुए थे और उनकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं। लोगों ने वाहन के भीतर इंजेक्शन की सिरिंज भी देखी, जिससे कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हादसे के बाद रातभर क्षतिग्रस्त गाड़ी सड़क के बीचोंबीच पड़ी रही, जिससे राहगीरों को भी परेशानी हुई। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर पुलिस चौकी पहुंचाया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर वाहन नंबर के आधार पर युवकों की पहचान और जांच शुरू कर दी है।