सांबा। जिले के सुपवाल से सटे बढेरी इलाके में वीरवार सुबह भीषण आग लगने से गुज्जर समुदाय के चार परिवारों के कच्चे कुल्ले जल गए। तेज हवाओं के कारण झूलते बिजली के तार से निकली चिंगारी को आग लगने की वजह बताया जा रहा है। हादसे में छह मवेशियों की भी दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले एक कुल्ले में लगी और तेज हवाओं के चलते देखते ही देखते पास बने अन्य कुल्लों तक फैल गई। आग की चपेट में आने से हाशिम दीन, शेरू, हुसैन और मक्खनदीन निवासी बढेरी के रिहायशी व मवेशियों के लिए बनाए गए कुल्ले पूरी तरह जल गए। आग में पांच बछड़े और एक भैंस जिंदा जल गए।
पीड़ित परिवारों के अनुसार आग की घटना में करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर तथा लगभग तीन लाख रुपये की नकदी भी जल गई। इसके अलावा परिवारों के कपड़े, घरेलू सामान और खानाबदोश समुदाय से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए। घटना के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तेज लपटों के कारण ज्यादा सामान नहीं बचाया जा सका। बाद में राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया।
समुदाय के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी टेंट, राशन और आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।