सांबा। एसएसपी अनुज कुमार ने नशा मुक्त अभियान पर विशेष जोर देते हुए सभी अधिकारियों को नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, गौ-तस्करी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखने और सख्ती से कार्रवाई करने को कहा।
एसएसपी ने सोमवार को जिला पुलिस कार्यालय सांबा के कॉन्फ्रेंस हॉल में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस पोस्ट इंचार्ज के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक का उद्देश्य जिले की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करना और प्रभावी पुलिसिंग के लिए प्राथमिकताएं तय करना रहा।
बैठक की शुरुआत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांबा ने जिला पुलिस सांबा की कार्यप्रणाली पर विस्तृत पावरपॉइंट प्रस्तुति दी और जिले के अपराध व सुरक्षा परिदृश्य की जानकारी साझा की।
एसएसपी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर 24 घंटे चौकसी, बॉर्डर नाकों की मजबूती, संवेदनशील स्थानों पर संयुक्त नाके लगाने, गश्त और निगरानी बढ़ाने तथा ड्रोन ड्रॉपिंग संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में रात्रि नाके और एंबुश लगाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, जांच अधीन मामलों में तेजी लाने और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक के अंत में एसएसपी ने अधिकारियों से पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने, जनता का विश्वास बनाए रखने और जनहितैषी पुलिसिंग सुनिश्चित करने का आह्वान किया।