सांबा। नशा मुक्ति अभियान के तहत सुंब क्षेत्र में सोमवार को एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में स्थानीय लोगों, स्वास्थ्य विभाग की टीम और स्कूली बच्चों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
रैली में मॉडर्न इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर नशे के दुष्प्रभावों को दर्शाया और लोगों को इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान बीएमओ डॉक्टर ऋचा अरोड़ा भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर अपने भविष्य को संवारें।
रैली में अस्पताल की पूरी टीम और स्कूल स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया और ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया।