सांबा। जिला प्रशासन सांबा ने आम जनता के लिए सार्वजनिक एडवाइजरी जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त तथा निर्बाध आपूर्ति उपलब्ध है। प्रशासन ने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक बुकिंग या ईंधन का भंडारण न करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की आपूर्ति में सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी ताकि आम परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो।
हालांकि, दूसरी ओर जिले में कमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों की उपलब्धता को लेकर कुछ स्थानों पर परेशानी की खबरें सामने आ रही हैं। स्थानीय ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि कमर्शियल सिलिंडरों की कमी के कारण उनके सामने कामकाज प्रभावित होने का खतरा खड़ा हो गया है। कई संचालकों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो उन्हें अपना कारोबार अस्थायी रूप से बंद करने की नौबत भी आ सकती है।
प्रशासन ने लोगों से एलपीजी गैस का समझदारी से उपयोग करने की भी अपील की है। गैस की बचत के लिए प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करने, गैस बर्नर को साफ रखने, दालों को पकाने से पहले भिगोकर रखने तथा खाना बनाते समय पानी और आंच का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने बताया कि किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए लोग जिला कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर +91-1923-241004 पर संपर्क कर सकते हैं।