सांबा। ग्राम पंचायत सराईं में आरईएसीएचए संस्था की तरफ से आपदा प्रबंधन पर एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों और युवाओं को प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं से निपटने के व्यावहारिक तरीके सिखाए।
ट्रेनिंग के दौरान एसडीआरएफ विशेषज्ञों ने बताया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ से कैसे अपनी और दूसरों की जान बचाई जा सकती है। टीम ने विशेष रूप से सांप के काटने पर किए जाने वाले प्राथमिक उपचार और रसोई गैस सिलिंडर में आग लगने पर उसे नियंत्रित करने के सुरक्षित तरीकों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए टीम ने लाइव डेमो भी दिखाया। इसमें स्थानीय युवाओं, विशेषकर विक्रम और अनिल ने सक्रिय रूप से भाग लिया और आपदा के दौरान रेस्क्यू करने की प्रैक्टिस की। टीम द्वारा आपातकालीन संपर्क नंबर भी साझा किए गए ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद बुलाई जा सके।
लोगों ने संस्था के प्रोजेक्ट सुपरवाइजर रवि शर्मा और एसडीआरएफ की टीम के उप निरीक्षक विकास शर्मा, प्यारा सिंह, करपाल सिंह व अन्य सदस्यों का तहे दिल से धन्यवाद व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रशिक्षण से उन्हें भविष्य में आने वाली किसी भी अप्रिय घटना से निपटने में काफी मदद मिलेगी।