संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। होली पर्व के लिए शहर के बाजार खुशबू और हर्बल रंगों से सज गए हैं। दुकानों पर गुलाल, अबीर, पिचकारी, रंग-बिरंगे गुब्बारे और आकर्षक होली गिफ्ट पैक की भरमार देखने को मिल रही है।
इस बार खास बात यह है कि हर्बल और ऑर्गेनिक रंगों की मांग पिछले वर्षों की तुलना में अधिक बढ़ी है। लोग पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए केमिकल मुक्त रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
दुकानदारों के अनुसार ग्राहकों की पसंद में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। पहले जहां सस्ते केमिकल रंग ज्यादा बिकते थे, वहीं अब हर्बल गुलाल, फूलों से बने रंग और सुगंधित अबीर की बिक्री तेजी से बढ़ी है।
बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली पिचकारियां और आधुनिक डिजाइन के वाटर गन भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं, प्रशासन और चिकित्सकों ने भी लोगों से सुरक्षित और प्राकृतिक रंगों का उपयोग करने की अपील की है। व्यापारियों को उम्मीद है कि होली से पहले के अंतिम दिनों में खरीदारी और बढ़ने से बाजार में अच्छी बिक्री होने की संभावना है।