सांबा। पिछले करीब डेढ़ वर्ष से निर्माणाधीन बसंतर नदी पर पुल का कार्य आखिरकार पूरा हो गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में पुल को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। फोरलेन सड़क परियोजना के तहत बनाए गए इस पुल का निर्माण नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से कराया गया है। ऑपरेशन सिंदूर के चलते निर्माण कार्य लगभग छह महीने विलंब से पूरा हुआ।
निर्माण कंपनी के अधिकारी शुभम ने बताया कि पुल का पूरा कार्य समाप्त हो चुका है। ब्लैक टॉपिंग की जा चुकी है, स्ट्रीट लाइटें लगा दी गई हैं और पेंटिंग का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। फिलहाल सड़क परीक्षण का कार्य जारी है, जिसे एक-दो सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। मार्च के पहले सप्ताह तक फ्लाईओवर पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू होने की संभावना है।