सांबा। कस्बे के वार्ड तीन में वीरवार देर रात चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर लगभग 80 हजार रुपये की नकदी और 4-5 तेले सोने के आभूषण चुरा लिए। घर के मालिक सुरिंदर सेठी ने अनुसार वीरवार शाम वह परिवार के साथ भांजी की शादी के कार्यक्रम में भाग लेने जम्मू गए थे। देर रात लगभग डेढ़ बजे जब लौटे तो घर का सारा सामान बिखरा था। अलमारी के ताले टूटे हुए थे। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से सुराग इकट्ठा किए।
उन्होंने कहा कि चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि चोरों को पूरी जानकारी थी कि घर पर कोई मौजूद नहीं है। उनके मुताबिक चोरों ने उनके घर में रखे लगभग 80 हजार रुपये और लगभग 4 से 5 तोले सोने के जेवर चुरा लिए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सांबा में बीते कुछ महीने में चोरी की तीसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले रेहियां खनवाल और नानकचक में चोरी की बड़ी वारदातें हुई हैं, जिनका अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरियों पर अंकुश लगाने की मांग की है। संवाद