अरनिया। क्षेत्र में लू लगने के मामलों में एकदम से बढ़ोतरी हुई है। पिछले तीन दिन से अस्पताल में रोजाना स्तर पर 10 से ज्यादा मरीज लू से ग्रस्त पहुंच रहे हैं। लू के मरीजों में इजाफा होने से अस्पताल का वार्ड भरा पड़ा है। दूसरी ओर डॉक्टर मरीजों को दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक धूप में निकलने की मनाही कर रहे हैं। पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ का सेवन करने के लिए कह रहे हैं।
लू के ज्यादातर मामलों में मरीज उल्टी, दस्त, थकावट और सिर चकराने के लक्षणों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं। डॉक्टर जांच के बाद मरीज को दाखिल कर ग्लूकोस चढ़ा रहे हैं। डॉक्टर मरीजों को बचाव के उपाय बता रहे हैं।
लू से बचने के उपाय
दोपहर को धूप में जाने से बचें।
हल्के और सूती कपड़े पहनें।
ताजा फल, नींबू, छाछ, ओआरएस का सेवन करें
नियमित समय पर पानी का सेवन करते रहें।
बाहर निकलने से पहले सिर पर कपड़ा बांध कर रखें।
लू लगने के लक्षण
उल्टी, दस्त, सिर चकराना, पसीना, मुंह सूखना, ज्यादा प्यास लगना, थकावट महसूस होना, बेहोश होना, शरीर का तापमान बढ़ना, और सांस लेने में तकलीफ होना प्रमुख लक्षण हैं।
कोट
अस्पताल में लू के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। भीषण गर्मी और तेज लू के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लू से बचने का सबसे बड़ा बचाव परहेज ही है।
-डॉक्टर रोहित कुमार, अरनिया अस्पताल