अरनिया। बीएमओ बिश्नाह डॉ. श्याम लाल ने वीरवार को अरनिया प्राइमरी हेल्थ सेंटर का दौरा कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। जेडएमओ अरनिया डॉ. रोहित कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।
अरनिया पहुंचते ही डॉ. श्याम लाल ने पीएचसी का निरीक्षण किया और ओपीडी में पहुंच रहे मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्टाफ के साथ बैठक कर अस्पताल में उपलब्ध सेवाओं, दवाओं व सैनिटेशन की व्यवस्था की जानकारी ली और मरीजों को मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएं समय से तथा नियमित रूप से मुहैया कराने के निर्देश दिए।
डॉ. श्यामलाल ने कहा कि अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सा स्टाफ मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं दे रहे हैं फिर भी स्वास्थ्य केंद्र को और सुदृढ़ करने के लिए निरन्तर प्रयास जारी रहेंगे। जेडएमओ डॉ. रोहित कुमार ने कहा कि आवश्यक आपूर्ति व दवाइयों की कमी नहीं होने दी जाएगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने पर ध्यान दिया जाएगा। दौरे के दौरान स्टाफ ने रोगी प्रवाह व इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की।