अरनिया। लाइनमैन लब्बा राम की मौत के मामले में बिजली विभाग के एक्सईएन और जेई ने थाना प्रभारी अरनिया से फोन पर बात की। इस मौके पर उन्होंने लब्बा राम की मौत के मामले में पुलिस की तरफ से मांगे गए रिकॉर्ड के बारे में चर्चा की है।
थाना प्रभारी ने कहा कि बिजली विभाग को लिखित में रिकाॅर्ड जमा करवाने के लिए नोटिस जारी किया है। जिसके संदर्भ में दो बार रिमाइंडर भी दिया गया है। नोटिस में 14 सितंबर के दिन हुई लाइनमैन लब्बा राम की मौत से जुड़े रिकॉर्ड को जमा करवाने के लिए कहा है। जिसमें विशेष तौर पर लिखा गया है कि 14 सितंबर के दिन शटडाउन की स्थिति क्या रही है। शटडाउन लेने के बाद करंट आने की मुख्य वजह क्या रही है। अगर शटडाउन नहीं लिया गया है, तो जल शक्ति विभाग के ट्यूबवेल का ट्रांसफॉर्मर ठीक करने के लिए लाइनमैन क्यों गया। उन्होंने कहा कि लाग बुक के रिकॉर्ड से ही शटडाउन की स्थिति को पुख्ता किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की तरफ से दस्तावेज जमा नहीं करवाने के चलते लाइनमैन लब्बा राम की मौत की जांच धीमी हो गई है। इस मौके पर थाना प्रभारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को पुलिस की जांच में पूर्ण रूप से सहयोग करने के लिए कहा है।
इस मुद्दे पर थाना प्रभारी अरनिया दिलावर कुमार ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों की तरफ से लाइनमैन लब्बा राम की मौत के मामले में रिकॉर्ड की आपूर्ति के लिए पूछा गया है। जिस पर उन्हें विस्तार से समझाया गया है।
इस मुद्दे पर बिजली विभाग के एक्सईएन जम्मू अशोक कुमार छिब्बर ने बताया कि पुलिस की तरफ से लब्बा राम की मौत के मामले में एक नोटिस जारी किया गया है। जिसके अनुसार कार्यवाही की जा रही है। उनकी तरफ से थानेदार से कोई बात नहीं हुई है।