बिश्नाह। बिश्नाह कोऑपरेटिव सोसाइटी के कोल्ड स्टोर में रखे रसगुल्ले के सैंपल जांच के लिए फूड सेफ्टी विभाग ने गाजियाबाद लैब में भेजे हैं। शुक्रवार को सैंपल लैब में पहुंच गए हैं। अगले तीन दिन में सैंपल की रिपोर्ट जारी कर दी जाएगी।
वहीं दूसरी ओर फूड सेफ्टी विभाग की तरफ से बिश्नाह कोऑपरेटिव सोसाइटी को मिठाई मालिकों का विवरण देने के लिए दूसरी बार नोटिस जारी किया है। इसमें साफ तौर पर लिखा है कि कोल्ड स्टोर में रखे 40000 किलो रसगुल्ले के मालिकों की सूची सौंपी जाए। उसके अलावा नोटिस में कोल्ड स्टोर में रसगुल्ले रखने का रिकॉर्ड और अन्य औपचारिकताओं की पूर्ति करने के लिए कहा गया है।
फूड सेफ्टी विभाग ने कोऑपरेटिव सोसाइटी के खिलाफ रसगुल्ले की बड़ी खेप कोल्ड स्टोर में बिना मंजूरी रखने पर पहले ही कोर्ट में चालान पेश कर दिया है। बता दें, बिश्नाह कोऑपरेटिव सोसाइटी के कोल्ड स्टोर में 29 जुलाई को फूड सेफ्टी विभाग ने छापा मार 40000 किलो रसगुल्ले के 2750 टीन बरामद किए थे।
इस मुद्दे पर असिस्टेंट कमिश्नर फूड सेफ्टी विभाग मदन मंगोत्रा ने बताया कि रसगुल्ले के सैंपल सेंट्रल लैब गाजियाबाद पहुंच गए हैं। अगले दो से तीन दिन तक सैंपल की रिपोर्ट जारी कर दी जाएगी। कोऑपरेटिव सोसाइटी को लिखित में मिठाई मालिकों का विवरण देने का दूसरा नोटिस जारी किया है। फूड सेफ्टी विभाग मामले पर निरंतर नजर बनाए हुए है।