अरनिया। ऑल इंडिया कांग्रेस समिति के सचिव और सहायक इंचार्ज नीरज कुंदन की अध्यक्षता में अरनिया कस्बे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक का आयोजन हुआ। इस मौके पर आगामी पंचायत और नगर पालिका चुनाव को लेकर चर्चा की गई। अरनिया ब्लॉक के कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश चंद्र सैनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के शासन में लोगों को सिर्फ मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। सीमावर्ती क्षेत्र दिन ब दिन पिछड़ता जा रहा है। मूलभूत सुविधाओं से लोगों को महरूम होना पड़ रहा है। इसके चलते लोगों में भाजपा के खिलाफ आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में सीमावर्ती क्षेत्र में कांग्रेस एक बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। इस मौके पर नीरज कुंदन ने कार्यकर्ताओं के साथ गांव स्तर पर कमेटियों का गठन करने के लिए कहा। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ता राजवंत सिंह, रूप लाल, तरसेम सिंह, मेजर सिंह, दर्शन सिंह सैनी आदि मौजूद रहे हैं।