स्कूल बाहर सड़क पर फैला कीचड़।
- फोटो : arnia news
अरनिया। केंद्र सरकार का बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ का नारा जमीनी स्तर पर खोखला साबित हो रहा है। इसका जीता जागता सबूत गवर्नमेंट गर्ल्स मिडिल स्कूल आल्हा के बाहर कीचड़ भरा रास्ता बयां कर रहा है। आदर्श गांव आल्हा का स्कूल होने के बावजूद भी स्थिति बदहाल है। ग्रीष्मकालीन की छुट्टियां खत्म हो गई हैं। वीरवार से स्कूल सुचारू हो जाएंगे। गवर्नमेंट गर्ल्स मिडिल स्कूल आल्हा के बच्चों का स्वागत स्कूल के बाहर जमा कीचड़ करेगा। स्कूल के बाहर का रास्ता कच्चा है। बारिश के चलते रास्ता कीचड़ से लबालब भर जाता है। इसके चलते स्कूल में प्रवेश करने से पहले ही बच्चों के कपड़े कीचड़ से भर जाते हैं।
हैरानी इस बात की है कि बीडीओ कार्यालय से महज 30 मीटर की दूरी पर गवर्नमेंट गर्ल्स मिडिल स्कूल आल्हा स्थापित है। खंड विकास अधिकारी ने भी कभी स्कूल के रास्ते को पक्का करने का प्रयास नहीं किया है। वहीं दूसरी ओर पंचायत के प्रतिनिधियों की बात करें तो बैक टू विलेज से लेकर हर सरकारी आयोजन में स्कूल के रास्ते को पक्का करने का प्रस्ताव रखा गया है। यहां तक कि स्कूल की तरफ से भी लिखित में रास्ते को पक्का करने की अर्जी बार-बार दायर की गई है।परंतु सूरत ए हाल बिल्कुल नहीं बदली। स्कूल के बच्चों को कीचड़ भरे रास्ते से ही गुजरना पड़ रहा है।
इस मुद्दे पर बीडीओ अरनिया बिप्लव सूदन ने बताया कि मौखिक तौर पर उन्हें किसी भी विकास कार्य के बारे में पता नहीं है। वैसे भी ग्राम सभा में जनप्रतिनिधियों की बैठक के दौरान मंजूर हुए कार्यों को ही अस्तित्व में लाया जाता है।
इस मुद्दे पर विधायक राजीव भगत ने कहा कि जल्द ही मुद्दे पर संज्ञान लिया जाएगा। स्कूल के बच्चों की सहूलियत के लिए वह अपने खाते से इस कार्य को करवाएंगे।
इस मुद्दे पर डीडीसी अरनिया सुरेखा देवी ने कहा कि चार बार उनकी तरफ से पीडब्ल्यूडी विभाग और बीडीओ को रास्ता पक्का करने की अर्जी दी गई, परंतु रास्ते को लेकर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हो पाई है।
इस मुद्दे पर पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि स्कूल के बाहर का रास्ता ब्लॉक के अंतर्गत आता है। इसका निर्माण कार्य करवाने का अधिकार बीडीओ के पास है।