अरनिया। अरनिया में रैबीज से बच्ची की मौत के एक महीने बाद टीकाकरण अभियान संपन्न हो गया। अभियान में 180 लोगों को रैबीज की चार-चार वैक्सीन लगाई गई हैं। रेबीज की डोज देने का सिलसिला एक महीना चलता रहा। बुधवार को रैबीज के चौथे चरण का टीकाकरण अभियान मुकम्मल हो गया।
अरनिया में पिछले डेढ़ महीने में कुत्तों के काटने के कुल 27 मामले दर्ज किए गए हैं। 30 नवंबर को कुत्तों के काटने के आठ मामले अरनिया अस्पताल में पहुंचे थे। अरनिया के बसंत चौक में स्कूल से घर लौटते समय एक बच्ची को कुत्ते ने काट लिया था। इसके 15 दिन बाद बच्ची में रैबीज के लक्षण आना शुरू हो गए थे। परिजनों ने बच्ची को अरनिया अस्पताल पहुंचाया था। वहां से उन्हें आरएस पूरा अस्पताल भेजा गया था। इसके बाद जम्मू के शालामार अस्पताल में इलाज के लिए रेफर किया गया था। शालामर में डॉक्टरों ने रैबीज की पुष्टि की। इसके बाद बच्ची को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया था, लेकिन परिजन बच्ची को लेकर घर आ गए। अगले दिन बच्ची की तबीयत अचानक खराब हो गई।जिसके चलते अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने कांटेक्ट ट्रेसिंग शुरू की थी।