राजोेरी। जिले के दरहाल तहसील के सोकर गांव में उस समय दहशत फैल गई जब एक तेंदुआ रिहायशी इलाके के बेहद करीब देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ एक आवारा कुत्ते का पीछा करते हुए गांव की गलियों तक पहुंच गया। इस दौरान स्थानीय व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेंदुआ कुत्ते का पीछा करते हुए आबादी वाले क्षेत्र में घूम रहा है। कुत्ता किसी तरह जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहा, जबकि तेंदुआ कुछ देर तक आसपास मंडराने के बाद जंगल की ओर लौट गया।
घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र के जंगलों से सटे इलाकों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है। लोगों को आशंका है कि तेंदुआ दोबारा भी आबादी वाले क्षेत्र में आ सकता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
राजोरी स्थित वन विभाग के रेंज अधिकारी इफ्तकार अहमद के अनुसार जंगलों में भोजन की कमी, प्राकृतिक आवास में मानवीय हस्तक्षेप तथा बढ़ती गतिविधियों के कारण कई बार तेंदुए भोजन की तलाश में गांवों की ओर रुख कर लेते हैं। ऐसे मामलों में लोगों को घबराने के बजाय सतर्क रहने, रात के समय अकेले बाहर न निकलने, बच्चों पर विशेष नजर रखने तथा जंगली जानवर दिखाई देने पर उसे छेड़ने या उसके करीब जाने से बचने की सलाह दी जाती है।