सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे, बारिश का पानी भरने से हालात बदतर
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोेरी। खा क्षेत्र राजोरी को जोड़ने वाली सड़क खस्ताहाल होने से लोगों में रोष है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं जिनमें बारिश का पानी भरने से हालात और भी बदतर हो गए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो चुका है।
स्थानीय निवासियों मोहम्मद ताज, रियाज माला और अब्दुल रशीद रत्न सिंह के अनुसार यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ती है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत मरीजों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। बारिश के मौसम में सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते। इससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक सड़क पर फिसलकर घायल हो चुके हैं।
लोगों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यात्री वाहन चालकों ने इस मार्ग पर गाड़ियां चलाना बंद कर दिया है। इसके चलते लोगों को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है या फिर निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। इससे उनका अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण कई बार जरूरी कामों के लिए समय पर पहुंचना संभव नहीं हो पाता।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार सड़क की मरम्मत की मांग उठाई जा चुकी है। लोगों का कहना है कि विभाग की ओर से केवल आश्वासन दिए जाते हैं जबकि जमीनी स्तर पर कोई काम नजर नहीं आता।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत करवाई जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की हालत नहीं सुधारी गई तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अपील करते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और सड़क की मरम्मत के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।