राजोरी। राजोरी-जम्मू हाईवे पर स्थित मुरादपुर क्षेत्र में नदी में सोमवार शाम को अचानक फ्लैश फ्लड आने से एक श्रमिक बह गया। एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने बचाव अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली थी। श्रमिक ढांगरी क्षेत्र में ईंट भट्ठे पर काम करता है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर बाद जिले के कुछ पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश हुई। इसके चलते राजोेरी मे बहने वाली सुखतो नदी में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इसी दौरान मुरादपुर इलाके में तीन श्रमिक नदी में नहा रहे थे। अचानक जलस्तर बढ़ने से दो श्रमिक किसी तरह किनारे पर आ गए, लेकिन तीसरा श्रमिक प्रदीप कुमार निवासी बरकनिया, यूपी तेज बहाव में बह गया। युवक के बहने की खबर लगते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम लिखे जाने तक प्रदीप के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी। एसडीआरएफ का तलाशी अभियान जारी था। नदी में आए बाढ़ में बचे श्रमिकों की पहचान शमशाद अहमद और अकरमदीन निवासी गंगानगर उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और घर भेज दिया।