राजोरी। जिले की कोटरंका सब डिवीजन की खवास तहसील के केरी गांव के लोगों ने शुक्रवार को सड़क जामकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले दिनोें हुई मूसलाधार बारिश के चलते केरी खवास को जोड़ने वाली सड़क पर पस्सियां गिरी थीं, लेकिन चार-पांच दिन बीत जाने के बाद भी किसी ने पस्सियां नहीं हटाईं। लोगों के लिए अभी तक यातायात का साधन बहाल नहीं किया गया। इतना ही नहीं गांव में बारिश के चलते कई लोगोें के घरों को काफी क्षति पहुंची थी, लेकिन अभी तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी या कर्मचारी लोगों के नुकसान का आकलन करने अभी गांव में नहीं पहुंचा है। इसके चलते लोगों की परेशानियां बढ़ती ही जा रही हैं।
उन्होंने कड़ा रोष प्रकट करते हुए बताया कि सड़क पर गिरी पस्सी के चलते उन्हें 15 किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ता है। इस कारण किसी मरीज को अस्पताल पहुंचने में भी बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है लेकिन प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि सड़क से पस्सी हटाने के साथ-साथ जल्द से जल्द नुकसान का मुआवज़ा दिया जाए नहीं तो लोग उग्र प्रदर्शन करेंगे।