राजोरी। खराब मौसम के मद्देनजर उपायुक्त अभिषेक शर्मा ने मंगलवार को संबंधित विभागों की तैयारियों और प्रतिक्रिया तंत्र की समीक्षा के लिए बैठक की अध्यक्षता की।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया। उन्होंने जनता से विशेष रूप से भारी बारिश के दौरान जलाशयों के पास जाने से बचने का आग्रह किया और जल स्तर में संभावित वृद्धि और उससे जुड़े जोखिमों की चेतावनी दी।
निर्बाध संपर्क बनाए रखने के लिए लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यकारी अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में भूस्खलन प्रभावित मार्गों को बहाल करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा, खासकर दूरदराज के इलाकों को जोड़ने वाली सड़कें, आपातकालीन पहुंच के लिए अच्छी स्थिति में होनी चाहिए।
मानसून के बाद बीमारियों के फैलने की संभावना को देखते हुए उपायुक्त ने स्वच्छता और सफाई बनाए रखने पर ज़ोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) विभाग और ग्रामीण स्वच्छता विभाग को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि दूषित होने की संभावना वाले भूजल स्रोतों की नियमित रूप से सफाई और जांच की जाए। उन्होंने आदेश दिया, कि किसी भी जन स्वास्थ्य संकट से बचने के लिए सभी सावधानियां बरती जाएं।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि भारी वर्षा के कारण बुनियादी ढांचे को हुए किसी भी नुकसान की सूचना समय पर और व्यवस्थित तरीके से दी जानी चाहिए ताकि त्वरित प्रतिक्रिया और पुनर्निर्माण संभव हो सके।
सुरक्षा उपाय के रूप में उपायुक्त ने घोषणा की कि अगर बुधवार को बारिश होती है तो बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पहाड़ी क्षेत्रों के सभी स्कूल विशेष रूप से निजी संस्थान बंद रहेंगे। उन्होंने कहा, संवेदनशील क्षेत्रों में छात्रों की सुरक्षा के मामले में कोई जोखिम नहीं उठाया जाएगा।
किसी भी अप्रिय घटना के लिए बचाव दल को तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए। संबंधित विभागों को विशेष रूप से दूर-दराज के इलाकों में पानी, बिजली, व राशन आपूर्ति के प्रबंध करने को कहा।