राजोरी। उधमपुर-रियासी रेंज की डीआईजी सारा रेजवी ने राजोेरी जिले के सुंदरबनी स्थित पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में बूढ़ा अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर समीक्षा की। उन्होंने यात्रा के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीआईजी जम्मू कठुआ सांबा रेंज शिव कुमार, एसएसपी राजोेरी गौरव सिकरवार, एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह, एसएसपी रियासी परमवीर सिंह, सीओ सीआरपीएफ 72 बटालियन जतिंदर, रियासी और नौशेरा के अतिरिक्त एसपी, एडीएसपी सीआईडी सीआई समेत राजोरी जम्मू अखनूर और रियासी के पुलिस और सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में राजोेरी, जम्मू और रियासी के एसएसपी ने अपने-अपने ज़िम्मेदारी वाले क्षेत्रों में तैनाती और सुरक्षा परिदृश्य के बारे में जानकारी दी।
डीआईजी सारा रेजवी ने यात्रियों के लिए निर्बाध यातायात प्रबंधन, चिकित्सा तैयारी, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं पर जोर दिया। उन्होंने अंतर-एजेंसी समन्वय, वास्तविक समय संचार और यात्रा मार्ग की चौबीसों घंटे निगरानी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को यात्रा अवधि के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने और मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।
सारा रेजवी ने कहा कि बूढ़ा अमरनाथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि सांप्रदायिक सद्भाव का प्रतीक है। यात्रा को सुचारू, शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न कराना सभी एजेंसियों की संयुक्त ज़िम्मेदारी है।
उन्होंने यात्रा के लिए कई निर्देश जारी किए, जिनमें यात्रियों की आवाजाही केवल उचित अनुरक्षण के साथ काफिले में हो, अन्य वाहनों को छोटे काफिलों में अनुरक्षण दिया जाए, यात्रा का कोई भी वाहन बिना अनुरक्षण के न चले, मार्ग पर और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएं। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और जांच चौकियां बनाई जाएं। इसके अलावा निरंतर निगरानी के लिए नियंत्रण कक्षों की स्थापना, यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए सुनियोजित यातायात प्रबंधन और निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था की जाए।