राजोरी। बसीर उल हक चौधरी निदेशक एनएचएम जम्मू-कश्मीर, राज्य स्वास्थ्य सोसायटी की एक टीम ने राज्य टीबी कार्यालय जम्मू के अधिकारियों के साथ राजोरी का दौरा किया। इस दौरान नेशनल टीबी एलिमिनेशन प्रोग्राम (एनटीईपी) के कार्यान्वयन का आकलन करने के साथ जिले में टीबी उन्मूलन के लिए एक विस्तृत सूक्ष्म कार्य योजना की तैयारी पर चर्चा की गई।
टीम में डॉ. ज्योति जॉली राज्य टीबी रोग अधिकारी जम्मू, डॉ. अख्तर हुसैन प्रोग्राम मैनेजर एनटीईपी, एनएचएम जम्मू-कश्मीर, डॉ इम्तियाज शकील बाबा एसोसिएट प्रोग्राम मैनेजर एनएचएम जेएंडके, सहायक कार्यक्रम अधिकारी एनटीईपी जम्मू डिवीजन, संभागीय लेखा प्रबंधक एनटीईपी जम्मू संभाग, राज्य टीबी-एचआईवी समन्वयक एनटीईपी जम्मू डिवीजन, संभागीय आईईसी सलाहकार एनटीईपी जम्मू संभाग और डेटा मैनेजर एनटीईपी जम्मू डिवीजन शामिल थे।
इस दौरान एक बैठक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय राजोेरी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिला टीबी रोग अधिकारी की देखरेख में आयोजित की गई। इस दौरान जिला टीबी रोग अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला आशा समन्वयक, जिला निगरानी एवं मूल्यांकन अधिकारी एनएचएम, सभी खंड निगरानी एवं मूल्यांकन अधिकारी और जिले भर के वरिष्ठ टीबी प्रयोगशाला पर्यवेक्षक भी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान खंड स्तर पर एनटीईपी गतिविधियों के प्रदर्शन की समीक्षा, मौजूदा कमियों और चुनौतियों की पहचान करने और बेहतर परिणामों के लिए खंड-विशिष्ट हस्तक्षेपों की रणनीति बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। राजोेरी में टीबी उन्मूलन के लिए सूक्ष्म कार्य योजना को अंतिम रूप देने और इसे राष्ट्रीय और राज्य-स्तरीय लक्ष्यों के साथ संरेखित करने पर जोर दिया गया।