राजोरी। विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा समेत अन्य भाजपा नेताओं ने राजोेरी जिले के ढांगरी और गुन्नी गांवों का दौरा किया। टीम ने पाकिस्तान की ओर से अकारण गोलाबारी से प्रभावित निवासियों से बातचीत की। इस दौरान भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवारोें से बातचीत कर दुख दर्द बांटा और उन्हें भरोसा दिलाया कि केंद्र की मोदी सरकार उनके साथ खड़ी है।
सुनील शर्मा के साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और विधायक डॉ. नरिंदर सिंह, जम्मू-कश्मीर भाजपा के उपाध्यक्ष और विधायक शाम लाल शर्मा, जम्मू-कश्मीर भाजपा के महासचिव एडवोकेट विबोध गुप्ता, विधायक एडवोकेट रणबीर सिंह पठानिया और जिला अध्यक्ष देव राज शर्मा भी थे।
भाजपा नेताओं ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पाकिस्तान की रिहायशी इलाकों में की गई गोलाबारी से हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने बताया कि भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने गोलाबारी प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर केंद्र सरकार और भाजपा हाईकमान को सौंपनी है।
उन्होंने बताया कि यहां के लोग पिछले कई दशकों से पाकिस्तानी गोलाबारी और आतंकवाद की मार झेल रहे हैं। इस बार हमारी सेना की तरफ से पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को तबाह करने से यहां के लोगोें को राहत मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पाकिस्तान गोलाबारी में जिन लोगों की जान गई है, उनके परिवार में किसी को नौकरी दी जाएगी। जो अन्य नुकसान हुआ है उसके लिए विशेष पैकेज दिया जाना चाहिए।