रामगढ़/जम्मू। रामगढ़ क्षेत्र की अंतरराष्ट्रीय सीमा से रविवार शाम को बीएसएफ की 13 बटालियन के जवानों ने एक व्यक्ति को पकड़ा। बताया जा रहा है कि व्यक्ति की पहचान पाकिस्तानी के रूप में हुई है। तारबंदी के पास पहुंचते ही बीएसएफ के जवानों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। उससे पूछताछ जारी है।
प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल के दिनों में सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर और आरएस पुरा क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। 26 जनवरी को सांबा जिले के रामगढ़ क्षेत्र में माजरा पोस्ट के पास सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने एक घुसपैठिए को मार गिराया। जानकारी के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने की कोशिश कर रहा था। चेतावनी के बावजूद उसके नहीं रुकने पर जवानों ने कार्रवाई की। घटना के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया।
इसी कड़ी में तीन और चार फरवरी 2026 की मध्यरात्रि के दौरान आरएस पुरा सेक्टर के बीओपी कठमारियां क्षेत्र में बीएसएफ ने एक कश्मीरी युवक को हिरासत में लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सुहैल अहमद खान, निवासी अनंतनाग के रूप में हुई है। उसे नियमित सुरक्षा नाके के दौरान रोका गया था।
सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि दोनों घटनाएं इस ओर इशारा करती हैं कि सीमा क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियां थमी नहीं हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सीमा पर निगरानी तथा सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है।