ज्यौड़ियां। पंचायत ढोक खालसा के गांव चज्जड़ में स्थित बाबा मेईमल के प्राचीन देवस्थान पर सोमवार को उप्पल बिरादरी की तरफ से दो दिवसीय मेल का आयोजन किया गया। मेल के पहले दिन सोमवार को उप्पल बिरादरी के साथ-साथ क्षेत्र के सैकड़ों की संख्या में लोगों ने बाबा मेईमल के समक्ष माथा टेक आशीर्वाद लिया और परिवार में सुख शांति की कामना की। मेल के पहले दिन सुबह हवन किया गया। उसके बाद जात्र, बिरादरी की बैठक तथा भंडारे का आयोजन भी किया गया।
इस मौके पर देवस्थान चज्जड़ की कमेटी के सदस्य पवन कुमार, कुलदीप राज रिटायर्ड फौजी, गुरदबन लाल, सोहन लाल ने बताया कि बाबा मेईमल प्राचीन देवस्थान पर आने के लिए सड़क नहीं है। बिरादरी के लोगों को चार से पांच किलोमीटर लंबा सफर ढोक खालसा की खड्ड के बीचों बीच से तय कर देवस्थान तक पहुंचना पड़ता है। खड्ड के बीचों बीच भी रास्ता सही नहीं है। इसलिए हमारी मांग है कि देवस्थान तक पहुंचने के लिए सड़क का निर्माण किया जाए।