ज्यौड़ियां। खौड़ तथा ज्यौड़ियां में बिजली के अधिक बिल आने से उपभोक्ता खासे परेशान हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्हें घरों में लगे बिजली मीटरों की वास्तविक रीडिंग के बजाय मनमाने ढंग से औसत (एवरेज) और भारी-भरकम बिल थमाए जा रहे हैं। खौड़ उपखंड के गांव मजाम की वार्ड नंबर तीन निवासी ज्योति देवी ने बताया कि वह और उसका परिवार एक कच्चे कुल्ले में जीवन व्यतीत कर रहे हैं और सिवाए बल्ब के बिजली से चलने वाला और कोई भी घर में स्रोत नहीं है। हमारा बिजली का बिल इस माह 5040 रुपये आया है। इससे पिछले माह हमने 197 रुपये बिल भरा था।
वहीं हंस राज निवासी पंचायत डोरी वार्ड नंबर तीन ने बताया कि बिजली विभाग अपनी मर्जी से ही बिल भेज देता है। कभी पांच हजार, कभी दो हजार। जब से हमारे घर में मीटर लगा है आज तक विभाग का कोई भी कर्मचारी मीटर की रीडिंग चेक करने नहीं आया। वहीं क्षेत्र के अन्य उपभोक्ताओं का भी कहना है कि वास्तविक खपत से उन्हें अधिक बिल दिये जा रहे हैं।