ज्यौड़ियां। आल इंडिया पाबा बिरादरी की तरफ से रविवार को जय बुआ केसां तथा जन्द देवता देव स्थान परांगला में मेल का आयोजन किया गया। देव स्थान कमेटी के अनुसार मेल में बिरादरी के दस हजार के करीब लोगों ने भाग लिया। सभी ने नतमस्तक होकर जय बुआ केसां तथा जन्द देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मेल के कार्यक्रम में सुबह हवन यज्ञ किया गया। 12 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक जात्र की गई। डेढ़ बजे के बाद तीस के करीब नवविवाहित जोड़ों ने देव स्थान के इर्द-गिर्द फेरे लिए। बिरादरी की तरफ से एक बैठक भी की गई। इसमें बिरादरी के चेयरमैन रूप लाल पाबा तथा बिरादरी के प्रधान काली दास पावा ने बिरादरी के सभी लोगों को आपस में एकता बनाये रखने और अपने बच्चों को हर हाल में शिक्षित करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधान काली दास ने कहा कि देवस्थान की पूर्व कमेटी की तरफ से पिछला जमा बकाया नई कमेटी को अभी तक नहीं सौंपा गया है। इसलिए पूर्व कमेटी देवस्थान की जमा पूंजी नई कमेटी को जल्द सौंपे ताकि देवस्थान का विकास किया जाए। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया।