बिश्नाह। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों के साथ मिलकर खाद की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। दुकानदारों को सरकार द्वारा तय कीमत पर ही खाद बेचने की चेतावनी दी गई।
भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राकेश पंत ने संबंधित विभाग द्वारा उठाए गए कदम की सराहना करते हुए विभाग को इस तरह की कार्रवाई को लगातार जारी रखने की अपील की। राकेश पंत ने कहा कि क्षेत्र के किसानों की जीविका खेती पर निर्भर है। अगर किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं होगी तो किसान अपने परिवार का पालन पोषण कैसे करेगा। वहीं, इस मुद्दे पर बिश्नाह विधायक डॉ. राजीव कुमार भगत द्वारा कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ रविवार को बैठक की गई। अधिकारियों को खाद की कालाबाजारी करने वाले तथा तय मूल्य से अधिक दाम पर बेचने वाले दुकानदारों का लाइसेंस सस्पेंड करने की सख्त हिदायत दी गई।